देहरादून: प्रशासन ने अतिक्रमण पर सख्ती बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद सरकारी भूमि पर बने अवैध ढांचों के खिलाफ अभियान तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में घंटाघर के पास एचएनबी कॉम्प्लेक्स में बनी अवैध मजार को बीती रात प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटा दिया है।
देहरादून में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त
नगर प्रशासन और एमडीडीए की संयुक्त टीम ने पहले संबंधित स्थल का सर्वे किया। इसके बाद भूमि और निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन डॉक्युमेंट्स उपलब्ध न होने पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। अवैध मजार को हटाते समय मलबा और टीन शेड भी साफ कर दिया गया। नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह ने बताया कि इस ढांचे को हटाते समय किसी तरह के अवशेष आदि नहीं पाए गए, जिससे प्रक्रिया और भी सरल हो गई।
उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
अवैध संरचना को हटाते समय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। साथ ही कोई अप्रिय घटना घटित न हो इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जिसके बाद अतिक्रमण पर बुल्डोजर चला कर बिना किसी अवरोध के हटाया गया।
पूरे राज्य में अतिक्रमण हटाने की मुहिम
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में आयोजित बैठक में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की गति और बढ़ाने पर जोर दिया था। जिसके परिणामस्वरूप, अब तक करीब 11 हजार एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई जा चुकी है। साथ ही, देहरादून शहर और आसपास की कई अवैध संरचनाओं की पहचान भी जारी है। कुल मिलाकर, सरकार चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई कर रही है ताकि सार्वजनिक भूमि को दोबारा उपयोग में लाया जा सके और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।



