अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने किया वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित

देहरादून: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, खासतौर पर सभी वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और सभी उपस्थित लोगों को “वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प” भी दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों की सेवा के लिए समर्पित निशुल्क एंबुलेंस वैन और वाकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की आधारशिला हैं और उनका अनुभव समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार व केंद्र सरकार की कई योजनाएं बुजुर्गों के कल्याण के लिए चलाई जा रही हैं, जिनमें अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना शामिल हैं। प्रदेश में करीब 6 लाख बुजुर्गों को पेंशन की राशि सीधे बैंक खातों में DBT के माध्यम से दी जा रही है।

धामी ने बताया कि प्रदेश में वृद्धाश्रमों की सुविधाएं लगातार बेहतर की जा रही हैं। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में सरकारी वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में भवन निर्माणाधीन हैं। साथ ही, रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) में एक मॉडल वृद्धाश्रम केंद्र सरकार की मदद से बन रहा है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रम स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है।

जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्गों की सेवा के लिए इस साल 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी दिए जा रहे हैं।

इस साल 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की मोतियाबिंद सर्जरी मुफ्त की जाएगी। साथ ही, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को लागू कर उनके अधिकारों की रक्षा भी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here