Home राज्य उत्तराखण्ड विकासनगर में होली के दिन रेस्टोरेंट में आगजनी , पुलिस ने तीन...

विकासनगर में होली के दिन रेस्टोरेंट में आगजनी , पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार….

विकासनगर : विकासनगर क्षेत्र के आनंद वाटिका रेस्टोरेंट में होली के दिन हुई आगजनी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों का कहना है कि रेस्टोरेंट मालिक द्वारा होली के मौके पर पार्टी करने से रोके जाने के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर इस  घटना को अंजाम दिया।

घटना के अनुसार, होली के दिन कुछ लोग आनंद वाटिका रेस्टोरेंट में पार्टी कर रहे थे, तभी रेस्टोरेंट मालिक और पार्टी करने आए लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रेस्टोरेंट मालिक ने विवाद की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और रेस्टोरेंट को खाली करवा दिया। इसके बाद रेस्टोरेंट का ताला बंद करवा दिया गया।

करीब 20 मिनट बाद, विवाद के एक पक्ष के 20-25 लोग रेस्टोरेंट के पास पहुंचे और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। और रेस्टोरेंट में आग लगा दी। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रेस्टोरेंट की संरचना फूस की बनी होने और तेज हवा चलने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आगजनी की इस घटना में रेस्टोरेंट में रखे बर्तन, गैस सिलेंडर और एक पुरानी मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आगजनी के इस मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here