रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड निकाय चुनाव की मतगणना जारी है और रुद्रप्रयाग जिले के परिणाम चौंकाने वाले रहे हैं। इस बार रुद्रप्रयाग नगर पालिका सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी संतोष रावत ने कब्जा जमाया है, और भाजपा-कांग्रेस दोनों ही को मात दी है।
रुद्रप्रयाग नगर पालिका पर निर्दलीय संतोष रावत की जीत: निर्दलीय उम्मीदवार संतोष रावत ने 2032 वोटों के साथ रुद्रप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष की सीट पर कब्जा किया। भाजपा के चंद्रमोहन सेमवाल को 1662 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के दीपक भंडारी को 1401 वोट प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी अशोक चौधरी को 216 वोटों के साथ संतोष करना पड़ा। रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी ने अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लिए रात दिन एक किया, लेकिन संतोष रावत ने भाजपा प्रत्याशी को 370 वोटों से हराया।
ऊखीमठ नगर पंचायत पर निर्दलीय कुब्जा धर्म्वाण की जीत: ऊखीमठ नगर पंचायत में भी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के गृह क्षेत्र में ही भाजपा को नकारते हुए निर्दलीय कुब्जा धर्म्वाण ने अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। भाजपा की बबीता तीसरे नंबर पर रही, जबकि निर्दलीय कल्पेश्वरी देवी ने दूसरे स्थान पर कब्जा किया। यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों के अंदर बगावत का असर देखा गया, जहां दोनों पार्टियों के बागी नेताओं ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और कुब्जा ने जीत हासिल की।
अगस्त्यमुनि नगर पंचायत पर कांग्रेस की जीत: अगस्त्यमुनि नगर पंचायत में कांग्रेस के राजेंद्र गोस्वामी ने भाजपा के सतीश प्रसाद को 18 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। राजेंद्र गोस्वामी को 1022 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 1004 वोट मिले। निर्दलीय सुशील गोस्वामी को 456 वोट मिले।
गुप्तकाशी नगर पंचायत पर भाजपा की जीत: नवगठित नगर पंचायत गुप्तकाशी में भाजपा की विश्वेश्वरी देवी ने जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी को 575 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की बीना देवी को 471 वोट और निर्दलीय स्मृतिलता को 540 वोट मिले। भाजपा ने 35 वोटों से जीत दर्ज की।
तिलवाड़ा नगर पंचायत पर भाजपा की जीत: तिलवाड़ा नगर पंचायत पर भाजपा की विनीता देवी ने 62 वोटों से कांग्रेस की सीमा देवी को हराया। विनीता देवी को 753 वोट मिले, जबकि सीमा देवी को 691 वोट प्राप्त हुए।