Homeराज्यउत्तराखण्डसीएम धामी की अपील : राष्ट्रीय खेलों के लिए हर घर में...

सीएम धामी की अपील : राष्ट्रीय खेलों के लिए हर घर में दीप जलाकर करें खिलाडियों का स्वागत…

देहरादून : साल 2025 उत्तराखंड के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है, क्योंकि इस साल 28 जनवरी से राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज होने जा रहा है। इस आयोजन को सफल और यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं खिलाड़ी भी अधिक से अधिक पदक जीतने के लिए अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि उत्तराखंड में 28 जनवरी से शुरू होने वाले इन खेलों में देशभर से लगभग 10,000 खिलाड़ी भाग लेने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इन खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए हर घर में दीप जलाए जाएं और अपने घरों को लड़ियों से सजाया जाए। सीएम धामी ने खासकर महिलाओं से यह आग्रह किया कि वे पारंपरिक वेशभूषा पहनकर इन खिलाड़ियों का स्वागत करें, जैसे कि जी-20 सम्मेलन के दौरान उन्होंने विदेशी मेहमानों का स्वागत किया था।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय खेलों को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर दिन इसकी समीक्षा की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राज्य के हर व्यक्ति, चाहे वह माता-बहन हों, बड़े-बुजुर्ग हों या बच्चे, सभी किसी न किसी रूप में इस आयोजन का हिस्सा बनें और खिलाड़ियों का स्वागत करें।

सीएम धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ जिलाधिकारियों, खेल संघों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इसमें शामिल किया जाएगा ताकि आयोजन की सभी तैयारियां समय पर पूरी हों।

इस वर्ष की अहमियत को लेकर सीएम धामी ने कहा, “2025 हमारे राज्य के रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, और इसके साथ ही यह साल कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों का प्रतीक बनेगा। रजोत्सव की शुरुआत हो चुकी है, और हमें उम्मीद है कि यह वर्ष राज्य के विकास के लिए कई नए आयाम स्थापित करेगा।”

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय उत्तराखंडी प्रवासी सम्मेलन भी एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें 17 देशों से आए हुए उत्तराखंडी अपनी मातृभूमि से जुड़ रहे हैं और राज्य के आर्थिक विकास में योगदान देंगे।

सीएम ने अंत में यह भी बताया कि इस वर्ष राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने का प्रस्ताव है, जो पूरे देश के लिए एक मिसाल बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments