Thursday, March 12, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड पति ने पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर की हत्या, खुद थाने...

पति ने पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर की हत्या, खुद थाने पहुंच पुलिस को हत्या की दी जानकारी

नैनीताल/हल्द्वानी – बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक व्यक्ति ने विवाद के बाद पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतका आरोपी की दूसरी पत्नी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के रावतनगर द्वितीय निवासी गोविंद मेहता मैकेनिक है। सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे उसका पत्नी ललिता (38) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर गोविंद ने चुन्नी से ललिता का गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। हत्या करने के बाद आरोपी गोविंद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर सीओ नितिन लोहानी और कोतवाल डीआर वर्मा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. पुनीता ने घटनास्थल से सैंपल लिए। पुलिस के मुताबिक पहली पत्नी से तलाक के बाद गोविंद की कपकोट (बागेश्वर) निवासी ललिता से दो वर्ष पूर्व ही दूसरी शादी हुई थी। ललिता के पहले पति की मौत हो गई थी।

गोविंद के पहली पत्नी से दो बेटे हैं और मृतका की पहले पति से एक बेटी है। मंगलवार सुबह कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीआर वर्मा ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष के लोग वाले पहुंच गए हैं। हल्द्वानी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि मृतका के पिता हर सिंह कोरंगा निवासी कपकोट (बागेश्वर) की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गोविंद, उसके पिता उम्मेद सिंह और माता चंद्रा देवी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सर, पत्नी की हत्या करके आया हूं…
पत्नी ललिता की हत्या करने के बाद आरोपी गोविंद खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस को बताया कि सर, पत्नी की हत्या करके आ रहा हूं। गोविंद इतना सहज था कि एकबारगी पुलिस को भी उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ लेकिन उसके कुबूलनामे के बाद पुलिस घटनास्थल पर जब पहुंची तो दंग रह गई। बिस्तर पर ललिता का शव पड़ा था और परिजनों रो रहे थे।गोविंद ने बताया कि ललिता से उसकी दूसरी शादी थी। पहली पत्नी की कुछ बातों को लेकर दूसरी पत्नी से आए दिन क्लेश होता रहता था। सोमवार की रात को भी उन दोनों में इन्हीं बातों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद हाथापाई भी हुई। गोविंद ने बताया कि आवेश में आकर उसने चुन्नी से गला घोंटकर ललिता की हत्या कर दी। संवाद

घटना से पड़ोसी हैरान
अचानक हुई इस घटना से गोविंद के पड़ोसी भी हैरान हैं। पड़ोसियों का कहना है कि सोमवार शाम तक सब कुछ ठीक चल रहा था। शाम को ललिता खेत से घास काटकर लाई और उसके बाद गोशाला में दूध निकालकर डेयरी में देकर आई थी। रात में अचानक हुए विवाद ने पूरा घर ही तबाह कर दिया। बता दें कि मृतका ललिता का पुराना ससुराल खुरियांखत्ता में है। उसकी एक बेटी भी है, जो कक्षा 10 में पढ़ती है। गोविंद मेहता का बड़ा भाई सेना में है। उसके दूसरे मकान में उसके माता-पिता उम्मेद सिंह और चंद्रा देवी रहते हैं, जिनके साथ उसका छोटा बेटा अजय (14) भी रहता है जबकि बड़ा विवेक (18) अपने ताऊ के यहां रहकर होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है।

#Husband #murdered #wife #strangulating #reached #policestation #informed #crime #Haldwani #Nainital

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2