देहरादून – उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने देहरादून में आयोजित विराट कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की…बन्नू स्कूल ग्राउंड में खरगे के स्वागत के लिए पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ ही कार्यकर्ता व समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस दौरान उन्होने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा..उन्होने अपने संबोधन की शुरुआत में ही देरी के लिए कार्यकर्ताओं और जनता से माफी मांगते हुए कटाक्ष किया कि बीजेपी सरकार में कांग्रेस के हेलीकॉप्टर तक को उतरने की इजाजत नहीं दी जा रही है। बीजेपी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है..कभी राहुल गांधी की न्याय यात्रा में व्यवधान उत्पन्न कर रही है और अब कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को बाधित करने की कोशिश बीजेपी ने की है…वहीं अपने संबोधन में मल्लिकार्जुन खडगे ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया जिसमें उन्होंने सरकार पर अंकिता के हत्यारों को बचाने का आरोप लगाया।
यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सबसे पहले देरी से पहुंचने के लिए जनता से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि देरी इसलिए हुई क्योंकि आजकल उड़ने के लिए भी मोदीजी की परमिशन लेनी पड़ती है। फिर हेलिकॉप्टर में चढ़ने, उतरने, हेलिकॉप्टर लैंडिंग में भी उनकी परमिशन लेनी पड़ती है। वो हम सबको सताते हैं। ताकि लोग लंबा इंतजार करके हमारे भाषण के समय चले जाएं। हमें ऐसी सरकार को हटाना है। आप उत्तराखंड के लोग हिम्मत वाले हैं। पूरे देश को बचाने वाले हैं।
कांग्रेस को कोई हिला नहीं सकता: खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आजकल देश को बचाने का क्रेडिट वो उत्तराखंड या हिमालय को नहीं देते। पूरा क्रेडिट मोदी जी खुद लेते हैं। जो चल रहा है, आप सब सुबह अपने धर्म के गुरु की फोटो या चेहरा नहीं देखेंगे। टीवी लगाकर आप मोदी का चेहरा देखेंगे। इसीलिए अब वो विष्णु के 11वां अवतार बनने को निकले हैं। हर व्यक्ति धर्म पर भरोसा रखता है लेकिन राज्य अलग होता है। लेकिन यहां सब मिक्स चल रहा है। अच्छे और बुरे का पता नहीं चल पा रहा।
उन्होंने कहा कि मोदी के सपने में नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी आते हैं। आजकल राहुल गांधी तो उन्हें सोने ही नहीं दे रहे हैं। वो डर रहे हैं। हमारी न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड में अच्छी हुई लेकिन असम में घुसते ही गड़बड़ी शुरू हो गई। यात्रा को रोकने का प्रयास किया गया। बीजेपी की सरकार असम में है, वहीं ये गड़बड़ हुई। लेकिन हम डरकर भागने वाले नहीं हैं। जब तक आप सब हैं, कांग्रेस को कोई हिला नहीं सकता।