Homeराज्यउत्तराखण्डदेहरादून में डेंगू का लार्वा मिलने पर अब लगेगा एक लाख रुपये...

देहरादून में डेंगू का लार्वा मिलने पर अब लगेगा एक लाख रुपये तक का जुर्माना, तीन दिन के अंदर जमा करनी होगी रकम।

देहरादून –  डेंगू से जंग लड़ने के बीच आखिरकार नगर निगम ने मान लिया है कि दून के अधिकांश घरों में डेंगू का लार्वा पनप रहा है। डेंगू की रोकथाम के लिए अब शहर की जनता को खुद जागरूक होना पड़ेगा। नहीं चेतने पर डेंगू भयावह रूप ले सकता है। मेयर सुनील उनियाल गामा ने डेंगू को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में यह बात कही।

सोमवार को मेयर सुनील उनियाल गामा ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की बैठक ली। कहा कि निगम और स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण में दो लाख घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लार्वा मिल चुका है। कहा कि अब अगर किसी घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान में लार्वा मिला तो एक हजार से लेकर एक लाख तक जुर्माना वसूला जाएगा। तीन दिन के भीतर जुर्माना नहीं भरने पर पांच गुना जुर्माना के साथ रिकवरी की जाएगी।

नगर आयुक्त मनुज गोयल ने कहा उन्होंने सरस्वती विहार, डालनवाला, सुमन नगर, शांति विहार आदि स्थानों में निरीक्षण किया। उन्हें गमलों, कूलर, पशुओं-पक्षियों के पीने के लिए रखे पानी के बर्तनों, घरों की टंकियों में डेंगू के लार्वा मिला। व्यावसायिक टावर एवं प्रतिष्ठानों, मॉल, बैंकों में भी लार्वा मिला है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी संजय जैन ने कहा, आशा कार्यकत्रियां घरों का निरीक्षण कर रही हैं। उनको लोगों का विरोध झेलना पड़ रहा है। बैठक में नगर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना, जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. सुभाष जोशी, डाॅ. प्रदीप राणा मौजूद रहे।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में क्षेत्रफल के हिसाब से लगेगा जुर्माना

घरों में लार्वा मिलने पर नगर निगम भवन स्वामियों से एक हजार से पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगाएगा। जबकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दस हजार रुपये लेकर एक लाख रुपये तक का चालान क्षेत्रफल के आधार पर लगाया जाएगा। नगर आयुक्त मनुज गोयल ने कहा तीन दिन के अंदर जुर्माना जमा नहीं करने पर पांच गुना वसूला जाएगा। डेंगू फैलाने वाले श्रोतों की पहचान करने एवं लार्वा नष्ट करने का कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी लापरवाही बरतेंगे तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दो लाख से अधिक घरों और प्रतिष्ठानों में मिला लार्वा

नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग संयुक्त अभियान चलाकर अब तक 11 लाख से अधिक घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में डेंगू के लार्वा की जांच कर चुका है। करीब दो 2 लाख से अधिक घरों एवं प्रतिष्ठानों में लार्वा मिल चुका है। इस दौरान चार लाख 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Most Popular