देहरादून – उत्तराखंड में मौसम शुष्क है, लेकिन सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी हुई है। दिन में तेज धूप खिलने के बावजूद सुबह-शाम कंपकंपी महसूस की जा रही है। हालांकि, अगले पांच दिन प्रदेश में चटख धूप खिलने से तापमान चढ़ सकता है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। चोटियों पर बीते दिनों हिमपात होने के बाद बर्फ पिघल रही है। जिससे पश्चिम से चलने वाली हवाएं भी सर्द हो गई हैं।

प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में अनियमित उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, दिन में खिल रही चटख धूप से फौरी राहत है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में अगले चार-पांच दिन मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली रह सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से आठ से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। जिससे ग्लेशियर पिघलने, हिमस्खन की आशंका है। इसे लेकर मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है।