Homeराज्यउत्तराखण्डभाजपा कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा इस बैठक में हमें...

भाजपा कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा इस बैठक में हमें एक नई ऊर्जा और शक्ति मिली।

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रायवाला, ऋषिकेश, देहरादून में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व श्यामा प्रसाद मुखर्जी, स्व दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महान लोगो ने ही जनसंघ के रूप में राष्ट्रवादी संगठन की नींव रखी जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में सम्पूर्ण विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुका है। यह सभी हमारे प्रेरणापुंज व एकात्म मानववाद के विचार से सम्पूर्ण विश्व को आलोकित करने वाले महान विचारक थे। जिन्होंने अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा हमारा संगठन विश्व का एक मात्र संगठन है जहां विचारधारा और पार्टी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण होते हैं। करोड़ों कार्यकर्ताओं का समर्पण, श्रद्धा, विश्वास और कड़ी मेहनत से ही हमारी पार्टी लगातार आगे बड़ रही है। दो दिवसीय हमारे इस महामंथन से जो उत्साहरूपी अमृत निकला है, वो अवश्य ही प्रदेश में हमारी पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। इस बैठक से हमें एक नई ऊर्जा और शक्ति मिली है, वो भविष्य में आने वाले सभी चुनावों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगी। गरीब कल्याण व अंत्योदय ही हम सभी कार्यकर्ताओं का परम कर्तव्य है, क्योंकि तभी हमें एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पूर्ण आत्मिक संतोष प्राप्त हो सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का वैश्विक स्तर पर मान सम्मान स्वाभिमान बड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ ने देश की राजनीति की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है। आज लोग जाति, क्षेत्र, पंथ, मजहब से ऊपर उठकर केवल विकास के लिए अपना वोट देते हैं। गरीब कल्याण योजनाओं ने अंतिम पायदान पर खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। देश में नोटबंदी लागू कर काले धन पर चोट करना, कश्मीर से धारा-370 हटाने जैसा ऐतिहासिक कार्य, देश में जीएसटी जैसा कानून लागू करना, पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक कर उसके दांत खट्टे करना। यह सभी कार्य मोदी जी के नेतृत्व में हुए है। कोरोना काल के दुर्भाग्यशाली लॉकडाउन में देश की जनता हमेशा प्रधानमंत्री के साथ खड़ी रही। आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा यात्रा हो या दशमेश गुरू गोविंद सिंह साहब के चारों पुत्रों के बलिदान को ’’वीर बाल दिवस’’ के रूप में मनाने का कार्य हो, आदरणीय प्रधानमंत्री जी की महान सोच प्रत्येक कार्य में दृष्टिगोचर होती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र राजनीतिक संगठन हैं जहां पार्टी के पोस्टर चिपकाने वाला व्यक्ति भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है और मुझ जैसा सामान्य परिवार से आने वाला कार्यकर्ता प्रदेश का मुख्य सेवक बन सकता है। क्योंकि हमारी पार्टी राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा व्यक्ति अंतिम के सिद्धांत का अनुसरण करती है। प्रधानमंत्री के ’’नव भारत’’ के निर्माण के यज्ञ में हम सभी कार्यकर्ताओं ने अपने श्रम की आहुति देनी है तथा ’’एक भारत’’ और ’’श्रेष्ठ भारत’’ के महासंकल्प को साकार करना है। आज हमारा देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल व ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग का प्रादुर्भाव हो चुका है। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशन में एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाईयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में एक नई पहचान प्राप्त कर रहा है। कोरोना महामारी के दौरान सम्पूर्ण विश्व ने इस उभरते हुए नए भारत की शक्ति को देखा और जाना। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज सनातन संस्कृति का परचम सम्पूर्ण विश्व में लहरा रहा है और हमारी आस्था के केन्द्रों का इतिहास और महत्व उसी गौरव के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है। अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर का अविस्मरणीय पुनरोद्वार हो, केदारपुरी व बद्रीनाथ पुरी के सौन्दर्यीकरण का कार्य हो, मां गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाने के लिए नमामि गंगे का वृहद अभियान हो या उज्जैन में महाकाललोक का निर्माण हो। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की अस्मिता के प्रतीकों, सांस्कृतिक व धार्मिक-धरोहरों को पुनः उनका खोया हुआ अस्तित्व लौटाने का महान कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एक ही वर्ष में तीन बड़े अंतर्राष्ट्रीय संगठनों जी-20, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, शंघाई सहयोग संगठनों की अध्यक्षता मिलना बताता है कि भारत ने दुनिया को अपनी ताकत का लोहा मनवा लिया है। इस वर्ष जी-20 से संबंधित कुछ बैठके हमारे प्रदेश में भी होंगी। हम इन बैठकों द्वारा ’’उत्तराखंड की गौरव गाथा’’ से सम्पूर्ण विश्व को परिचित कराने का कार्य करेंगे। यह स्वर्णिम कालखंड भारत की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक चेतना के पुनरोत्थान का कालखंड है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्य, सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दौड़ में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड को 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने का जो ’’विकल्प रहित संकल्प’’ लिया है, उसके लिए हम निरंतर कार्यरत हैं। भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने और गरीबों को तीन निःशुल्के सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दो पर हमारे द्वारा उठाए गए ’’ऐतिहासिक कदम’’ इस बात का प्रमाण हैं कि आज हमारी सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। यह डबल इंजन सरकार का ही प्रभाव है कि केन्द्र ने उत्तराखंड को मिलने वाले वार्षिक अनुदान को बढ़ाकर लगभग ग्यारह हजार करोड़ रूपये कर दिया है। प्रदेश में केंद्र सरकार के सहयोग से लगभग सवा लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं सफलता पूर्वक संचालित की जा रही हैं। 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड अब नए जोश और नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कहे गए कथन ’’21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’’ को चरितार्थ करने के लिए हम निरंतर विकास हेतु प्रयासरत रहेंगे। राज्य सरकार की नई कार्य संस्कृति और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को लेकर सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा हमारा प्रदेश दैविक आपदाओं से हमेशा ही त्रस्त रहता है, हाल में ही जोशीमठ में आई आपदा इसका एक उदाहरण है। हमारे जोशीमठ के बहुत से नागरिक बेघर हुए हैं। हमारी सरकार जब तक जोशीमठ आपदा में प्रभावित हुए परिवारों का ठीक प्रकार से पुर्नवास नहीं कर देगी, तब तक चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा देश में इस वर्ष 9 राज्यों में विधान सभा चुनाव हो रहे हैं, यह कार्यसमिति विश्वास दिलाती है कि इन राज्यों में चुनाव कार्यों में सहयोग के लिए भाजपा की ’’टीम उत्तराखंड’’ अपना हर सहयोग देने के लिए तत्पर है। इस वर्ष उत्तराखंड में स्थानीय निकाय के चुनाव भी होने वाले है, मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी कार्यकर्ता इन चुनावों में हमेशा की तरह अपना सम्पूर्ण योगदान सुनिश्चित करेंगे। 2024 के चुनावों में हमारा संकल्प इन पाँचों सीटों पर विजय प्राप्त करन है साथ ही पिछले सारे रिकार्ड तोड़ते हुए एक नए इतिहास की रचना करना भी है। हम केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाते हैं कि चुनाव में देवभूमि की जनता के आशीर्वाद से हम सभी सीटों पर शानदार विजय प्राप्त करेंगे और देश में पुनः भाजपा सरकार बनेगी और हम सबके प्रिय नेता नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular