Homeराज्यउत्तराखण्डहरिद्वार एसएसपी करेंगे जेई और एई भर्ती परीक्षाओं की जांच, संलिप्त अभ्यर्थियों...

हरिद्वार एसएसपी करेंगे जेई और एई भर्ती परीक्षाओं की जांच, संलिप्त अभ्यर्थियों को किया जाएगा ब्लैक लिस्ट।

हरिद्वार – उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सहायक अभियंता(एई) और अवर अभियंता(जेई) भर्ती परीक्षाओं की भी जांच होगी। पटवारी लेखपाल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद एई व जेई भर्तियों का पेपर लीक होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। इन भर्तियों की जांच एसएसपी हरिद्वार करेंगे। जांच रिपोर्ट के बाद ही आयोग इन भर्ती परीक्षाओं में अगली कार्रवाई करेगा। इसके अलावा आयोग में अति गोपनीय अनुभागों में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए सिक्योरिटी ऑडिट कराया जाएगा।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की विशेष बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आयोग की पटवारी लेखपाल भर्ती पेपर लीक का खुलासा होने के बाद एई और जेई भर्तियों में भी पेपर लीक होने के सवाल खड़े हो गए थे। साथ ही बेरोजगार संघ की अगुवाई में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भी आयोग के समक्ष जेई व एई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की आशंका जताई थी। इस पर आयोग ने निर्णय लिया कि जेई व एई भर्तियों की जांच एसएसपी हरिद्वार से कराई जाएगी।

लोक सेवा आयोग के गोपनीय व अतिगोपनीय अनुभागों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आयोग ने सिक्योरिटी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। जिसमें एडीजी इंटेलीजेंस से एक टीम गठित कर सिक्योरिटी ऑडिट के लिए आयोग में भेजने का आग्रह किया जाएगा।

वन आरक्षी परीक्षा-2022 और पीसीएस मुख्य परीक्षा-2021 के लिए आयोग की ओर से नये सिरे से प्रश्न पत्र तैयार किए जा रहे हैं। लेकिन इन परीक्षाओं के लिए पूर्व में छपे प्रश्न पत्रों व प्रश्न बैंक को आयोग ने नष्ट करने का निर्णय लिया है। इसके लिए आयोग के एक सदस्य की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी। इस समिति की देखरेख में पुराने प्रश्न पत्रों को नष्ट किया जाएगा।

पेपर लीक प्रकरण में संलिप्त अभ्यर्थियों को लोक सेवा आयोग की ओर से ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। पटवारी लेखपाल भर्ती पेपर लीक प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी से संलिप्त अभ्यर्थियों की सूची ली जाएगी। इसके लिए एसएसपी हरिद्वार से नकल में शामिल अभ्यर्थियों की सूची मांगी जाएगी। इसके अलावा लोक सेवा आयोग ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से भी नकल में शामिल रहे अभ्यर्थियों की सूची मांगी है।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments