देहरादून – अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीनों आरोपियों के नार्को टेस्ट पर अदालत आज फैसला सुना सकती है। हालांकि, टेस्ट की अनुमति मिलेगी या नहीं यह बात अंकित के निर्णय पर निर्भर करेगी। जेलर के माध्यम से अंकित का निर्णय भी आज ही न्यायालय के समक्ष रखा जाएगा।

इसके अलावा अदालत आज अंकिता हत्याकांड में पुलिस की ओर से दाखिल की गई चार्जशीट पर भी सुनवाई करेगी। बता दें कि अंकिता के परिजनों के साथ प्रदेशवासियों ने उस वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग की थी, जिसको स्पेशल सर्विस देने के लिए अंकिता को प्रताड़ित किया जा रहा था। हालांकि, पुलिस आरोपियों से यह राज नहीं उगलवा सकी थी। ऐसे में इस मामले में नार्को टेस्ट की मांग भी उठने लगी। इस पर एसआईटी ने विचार करने के बाद नौ दिसंबर को कोटद्वार न्यायालय में नार्को टेस्ट की अर्जी लगाई थी। नार्को से पहले अदालत ने आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की सलाह भी एसआईटी को दी थी।



