नैनीताल/हल्द्वानी – जन्माष्टमी भगवान कृष्ण का त्यौहार है। बताया जाता है कि कदम्ब, वैजयंती माला, मौलश्री, कृष्ण वट और कृष्ण कमल भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े हुए पौधे हैं। इन्हीं पौधों को सुरक्षित कर हल्द्वानी वन अनुसंधान केंद्र में एक कृष्ण वाटिका बनाई गई है। जिसकी जानकारी लेने आम जनता भी यहां आ सकती है।
पत्तियो का कटोरे जैसा आकार, छोटी पत्तिया चम्म्च के आकार की, ये पेड़ माखन कटोरी का है जिसे कृष्ण वट भी कहा जाता है। माना जाता है की माखन की चोरी करने के बाद जब कृष्ण भाग रहे थे तो उनकी मां यशोदा ने उन्हें पकड़ लिया। यशोदा मैया की डांट से बचने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने माखन को एक पेड़ के पत्तों की कटोरी बनाकर छिपा दिया।
मान्यता है कि तभी से उस पेड़ की पत्तियों का आकार कटोरी जैसा हो गया। उसके बाद से पेड़ की इस किस्म को “माखन कटोरी” कहा जाने लगा। इस पेड़ की कथा यहीं समाप्त नहीं होती। श्रीकृष्ण ने यशोदा मैया से डांट सुन ली और इसके बाद माखन पिघल गया और यह पत्तियों की बनी कटोरी से बहने लगा।
कहा जाता है कि इसी वजह से जब इस पेड़ के पत्तों को तोड़ा जाता है तो उसमें से एक रस निकलता है, जिसे माखन कहते हैं। माखन कटोरी के वृक्ष अधिकांशत: उत्तराखण्ड में भी पाये जाते है, लेकिन वर्तमान में हल्द्वानी के वन अनुसंधान केंद्र में तैयार किये जा रहे है, जो कृष्ण वट के पुराने इतिहास को नया जीवन देने का काम कर रही है, यही नही वन अनुसंधान केंद्र हल्द्वानी में कदम्ब के पेड़ भी बड़ी मात्रा में मौजूद है।
मान्यता है की कदम्ब के पेड़ों पड़ चढ़कर गोपियों को रिझाते थे, भगवान कृष्ण से जुड़ी एक और चीज़ जिसका वर्णन श्री कृष्ण की आरती में भी है ‘गले में वैजयंती माला’, कृष्ण वट और कृष्ण कमल को भी हल्द्वानी वन अनुसंधान केंद्र संरक्षित कर रहा है, यानी अगर जन्माष्टमी पर आप भगवान कॄष्ण को खुश करना चाहते है तो कृष्ण से जुड़ी हर चीज़ आपको यहां मिल जाएगी।