उधम सिंह नगर/खटीमा – जनपद उधम सिंह नगर के सीमांत खटीमा स्थित लोहिया हेड पावर हाउस के ब्रेकर सिटी में तकनीकी कारणों से बुधवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। जिससे पावर हाउस के ब्रेकर सिटी में बहुत बड़ा नुकसान हो गया, आग की लपटें इस कदर थी कि क्षेत्र के लोगों में दहशत और हड़कंप मच गया तथा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना से खटीमा, झनकट, बनबसा, टनकपुर, मझोला तथा जमौर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
सूचना पर विभाग के आला अधिकारीयों सहित राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं सितारगंज पावर हाउस से कनेक्ट कर कुछ हिस्सों में विद्युत सप्लाई को सुचारू कर दिया गया है। साथ ही पूरे क्षेत्र में पावर सप्लाई सुचारू किए जाने हेतु विद्युत विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है।
वहीं राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि पावर हाउस में आग लगने की सूचना पर मेरे द्वारा मौके का जायजा लिया गया। जहां विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता के बाद बहुत जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू किए जाने का आश्वासन दिया गया। वहीं विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य की राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल ने काफी सराहना भी किया।