Saturday, March 14, 2026
Home राज्य उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोविड प्रबन्धन का बेहतरीन कार्य हुआ : सीएम...

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोविड प्रबन्धन का बेहतरीन कार्य हुआ : सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद वाराणसी में आयोजित पूर्वांचल सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूर्वांचल अब विकास गाथाओं से गौरवान्वित हो रहा है। हाल के वर्षों में इस क्षेत्र ने विकास व उपलब्धियों के विविध आयामों पर खुद को स्थापित किया है और कर भी रहा है। विकास की इस धुरी पर स्थित वाराणसी ‘बदलता बनारस’ से ‘बदल गया बनारस’ की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में प्रदेश के परम्परागत उद्यम को बढ़ाने के लिए अपने टीम को निर्देशित किया था। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के यूनीक प्रोडक्ट को चिन्हित किया गया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ लागू की गई। यह योजना अन्य प्रदेशों के लिए मानक बनी। प्रधानमंत्री अन्य प्रदेशों से उत्तर प्रदेश की इस तर्ज पर कार्य करने को कहते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट हब बन गया है। ओ0डी0ओ0पी0 में अभी और भी सम्भावनाएं हैं। इस उद्यम में बैंकों को भी ऋण देने में कोई परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि मार्च, 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की क्या स्थिति थी, यह लोग भली-भांति जानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश कोरोना के दौर से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोविड प्रबन्धन का बेहतरीन कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि अमेरिका सुपर पावर है, लेकिन कोविड प्रबन्धन में वह भारत से कई मायने में पीछे रहा। भारत की आबादी अमेरिका से 4 गुना है, लेकिन कोविड के दौरान अमेरिका में मौतें भारत की अपेक्षा डेढ़ गुना अधिक हुई। पहले जब भी महामारी आती थी, देश में उसकी दवा नहीं होती थी। लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कोरोना महामारी के दौरान भारत ने अपने 2-2 वैक्सीन विकसित किए। अब तक देश में 60 करोड़ से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है, जिसमें 15 करोड़ उत्तर प्रदेश के लोग हैं। आज उत्तर प्रदेश, देश की दूसरी अर्थव्यवस्था है। उद्यम स्थापना एवं निवेश के क्षेत्र में राष्ट्रीय रैकिंग में उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में निवेश की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी गई हैं। वर्तमान में राज्य में 03 एक्सप्रेस-वे पर कार्य चल रहा है। मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे को वाराणसी तक लाने का प्रयास हो रहा है। प्रधानमंत्री जी माह सितम्बर अथवा अक्टूबर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जनता को समर्पित करेंगे। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 15 सितम्बर तक होगा।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की विकास गाथा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज लोगों के जेहन में यह बात है कि जहां से फोरलेन सड़क मिल जाए, तो समझो उत्तर प्रदेश में आ गए। सबसे अधिक देशी-विदेशी पर्यटक उत्तर प्रदेश में आते हैं। प्रदेश में 01 करोड़ 38 लाख गरीब लोगों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। प्रदेश के लोगों के जीवन को सुगम बनाने का प्रयास युद्ध स्तर पर हुआ है। उन्होंने कहा कि देश का नया उत्तर प्रदेश आज लोगों के सामने हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2