Homeराज्यउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पी0एम0 स्वनिधि योजना के विभिन्न...

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पी0एम0 स्वनिधि योजना के विभिन्न जनपदों के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत 02 लाख 853 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1341.17 करोड़ रुपये की धनराशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अन्तरित की। यह धनराशि लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण घटक के तहत लाभार्थियों के खातों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय किस्त की धनराशि के रूप में ट्रांसफर की गयी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पी0एम0 स्वनिधि योजना के विभिन्न जनपदों के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद के दौरान उन्हें जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा देश के सभी जरूरतमन्द परिवारों को वर्ष 2022 तक आवास मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत सहायता दी जा रही है। योजना के तहत 03 किस्तों में 2.5 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जा रही है। इसमें से 1.5 लाख रुपये केन्द्र सरकार द्वारा तथा 01 लाख रुपये राज्य सरकार द्वारा दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लाभार्थी योजना के तहत प्राप्त होने वाली धनराशि का इस्तेमाल आवास निर्माण हेतु ही करें।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति लाभार्थियों ने आवास उपलब्ध कराने के लिए आभार जताते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अतिरिक्त शौचालय, निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन तथा जनधन योजना आदि का लाभ भी उन्हें प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने पी0एम0 स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से संवाद के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री जी ने पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पी0एम0 स्वनिधि योजना प्रारम्भ करायी। उन्होंने पी0एम0 स्वनिधि के लाभार्थियों को डिजिटल पेमेंट अपनाने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे योजना के अन्तर्गत अतिरिक्त लाभ भी मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि संवेदनशील एवं लोक कल्याण को समर्पित सरकार शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था के माध्यम से बिना भेदभाव के पहुंचाती है। वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार इसी आधार पर शासन की योजनाओं का लाभ जनसामान्य को उपलब्ध करा रही है। आधुनिक तकनीक का व्यापक प्रयोग करते हुए यह कार्य को प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराया जा रहा है। भ्रष्टाचार की सम्भावना समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि सीधे ट्रांसफर करने की व्यवस्था की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्य है। विगत साढ़े चार वर्ष में वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी के माध्यम से 40 लाख गरीब परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध करायी है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रदेश में 17.16 लाख आवास स्वीकृत किये गये हैं, जो कि एक रिकॉर्ड है। इसमें 8.65 लाख आवासों को पूर्ण किया जा चुका है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी की वर्ष 2022 तक पात्र लाभार्थियों को पक्का आवास देने की परिकल्पना को पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्ववर्ती सरकार ने इस कार्य में रुचि नहीं ली। वर्तमान सरकार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हर जरूरतमन्द को योजना से लाभान्वित करने के लिए प्रभावी प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रदेश को देश में राज्य की श्रेणी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अवॉर्ड-2019 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली नगर पालिका परिषद की श्रेणी में मिर्जापुर नगर पालिका परिषद को प्रथम पुरस्कार, सर्वश्रष्ठ प्रदर्शन करने वाली नगर पंचायत की श्रेणी में मलिहाबाद को प्रथम तथा हरिहरपुर नगर पंचायत को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अवॉर्ड-100 डेज चैलेंज दिनांक 21 जून, 2021 से प्रारम्भ किया गया है, जो दिनांक 30 सितम्बर, 2021 को समाप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष पुनः प्रदेश प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular