Sunday, March 1, 2026
Home राज्य उत्तराखण्ड 25 मार्च से शुरू हो रहा है उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र, कोरोना...

25 मार्च से शुरू हो रहा है उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे एहतियाती उपाय……..

देहरादून- उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र 25 मार्च से राजधानी देहरादून में शुरू हो रहा है। इसी कड़ी में सत्र शुरू होने से पहले कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं। सत्र के दौरान विधानसभा सदस्यों और आला अफसरों को छोड़कर बाकी कर्मचारियों व अन्य लोगों की संख्या को सीमित करने पर गंभीरता से विचार चल रहा है। इस बात की प्रबल संभावना है कि सत्र के पहले दिन से ही विधानसभा के प्रवेश द्वारों में स्वास्थ्य जांचने की कड़ी व्यवस्था हो और ऐसे लोगों को परिसर में दाखिल न होने दिया जाए जिन्हें फीवर हो। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के मुताबिक, इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार हो रहा है। उनका कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए विधानसभा को बाहर और भीतर पूरी तरह से सैनिटाइज किया जा रहा है। सैनिटाइजेशन की ये मुहिम 24 मार्च तक जारी रहेगी। सत्र शुरू होने से एक दिन पहले पीठ और सदस्यों के बैठने वाले स्थान सभा मंडप को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा। फिलहाल, पूरी विधानसभा में युद्धस्तर पर सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया गया है। वहीं राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने 25 मार्च से विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। बहरहाल, सत्र की अवधि तीन दिन की है। कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए सत्र को एक दिन का करने की भी संभावना जताई जा रही है। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल का कहना है कि सत्र की अवधि के बारे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में निर्णय होगा, लेकिन अभी जो कार्यक्रम प्राप्त हुआ है वह तीन दिन का है। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक 24 मार्च को विधानसभा भवन में अपराह्न 5.30 बजे रखी गई है। स्पीकर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह व गोविंद सिंह कुंजवाल तथा भाजपा विधायक खजान दास उपस्थित रहेंगे।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2