होज में गिरने से 5 वर्षीय बच्ची की मौत……

देहरादून – रविवार को छुट्टी के दिन पांच साल की एक बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। अचानक वह गायब हो गई। माता-पिता के काफी ढूंढ़ने पर भी  बच्ची का कुछ पता नहीं लग पाया  जिसके बाद उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रायपुर थाना क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी नथुआवाला में निर्माणाधीन मकान के हौज में पांच साल की मासूम की गिरकर मौत हो गई। आननफानन परिजनों ने मासूम को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची का पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए परिजन देर रात तक जिलाधिकारी से अनुमति लेने के प्रयास में लगे रहे। पुलिस के अनुसार शिशुपाल सिंह नेगी का शिवलोक कॉलोनी नथुआवाला में मकान बन रहा है। पानी के लिए इसी परिसर में हौज भी बना है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे शिशुपाल की पांच साल की बेटी शिवांशी उर्फ परी खेलते वक्त इसी हौज में गिर गई। काफी देर तक परिजनों ने जब परी को नहीं देखा तो तलाश शुरू की। करीब डेढ़ बजे पता चला कि परी हौज में गिर गई है। इसके बाद परिजनों ने आननफानन स्थानीय लोगों की मदद से परी को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने परी को मृत घोषित कर दिया।चिकित्सकों ने मौत की वजह सिर में गंभीर चोट बताई है। बताया जा रहा है कि हौज पर ढक्कन नहीं लगा था। इंस्पेक्टर रायपुर हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हौज में पानी का स्तर केवल डेढ़ से दो फीट है। जबकि, हौज की पूरी गहराई लगभग पांच फीट। ऐसे में बच्ची ने उसमें से पानी निकालने की कोशिश की होगी, जिससे वह हौज में गिर गई। बतादे कि करीब तीन माह पहले भी रायपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में बने हौज में बच्चा गिर गया था। इस मामले में मकान मालिक गायक सोनिया आनंद के खिलाफ बच्चे के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले भी कई मामले इस तरह के शहर में सामने आ चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here