हरिद्वार- श्यामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पीली पड़ाव में बीती रात मामूली कहासुनी के चलते चाकू मारकर युवक की हत्या कर देने के मामले में क्षेत्र में भारी तनाव बना हुआ है। आज यहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बीच मृतक एकलव्य के शव का अंतिम संस्कार किया गया। मामले में उस समय नया मोड़ आया जब हत्यारोपी परवेज के झोपड़ीनुमा दो मकानों में आग लग गई। गांव में पुलिस की भारी मौजूदगी के बावजूद घर में आग लगना रहस्य बना हुआ है। कुछ लोगों का कहना है कि जानबूझकर आग लगाई गई है। जबकि पुलिस का कहना है कि संभवत है बिजली का तार टूटकर गिरने से मकान में आग लगी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी और एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय सहित पूरा पुलिस अमला गांव में ही डेरा डाले हुए हैं। मृतक एकलव्य के परिजनों की ओर से आरोपी परवेज के खिलाफ दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें श्यामपुर क्षेत्र के पीली पड़ाव गांव में गुरुवार रात मामूली विवाद में एक युवक ने दूसरे के पेट और सिर में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गया। वहीं, जिला अस्पताल से गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाते समय घायल ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। साथ ही हमलावर की तलाश कर रही है। वहीं, मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गुरुवार रात ग्राम पीली पड़ाव में रोजाना की कुछ युवक बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच दो युवकों में किसी बात पर पहले कहासुनी और फिर तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद बढ़ा तो 24 वर्षीय एक युवक ने 19 वर्षीय एकलव्य पर चाकू से हमला बोल दिया। पेट और सिर पर ताबड़तोड़ कई वार करने से वह गंभीर घायल हो गया। शोर बचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो हमला करने वाला युवक फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने हायर सेंटर भेज दिया, लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष दीपक कुमार घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हमलावर की तलाश में कई जगह छापे मारे गए हैं। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।