
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की एक ओर मां डाटकाली सुरंग है दूसरी ओर मोहकमपुर रेलवे ओवर ब्रिज के कारण ट्रैफिक जाम रहता है लेकिन यह दोनों स्थान यानि डाटकाली की सुरंग और मोहकमपुर का रेलवे ओवर ब्रिज दोनों सितंबर में बनकर तैयार हो जाएंगे। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए नेशनल हाईवे के प्रवक्ता जेपी गुप्ता ने बताया कि दोनों परियोजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है जिससे यातायात समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्रवक्ता के अनुसार इन दोनों महत्वपूर्ण स्थानों की टेस्टिंग और रंगाई-पुताई का काम पूरा होते ही वाहनों की आवाजाही प्रारंभ करा दी जाएगी।
पिछले कुछ महीनों से राजधानी को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग हरिद्वार हाईवे पर मोहकमपुर रेलवे ओवर ब्रिज का काम चल रहा है। ठीक इसी प्रकार सहारनपुर रोड हाईवे पर डाट काली सुरंग का निर्माण चल रहा है। पिछले डेढ़ सालों से दोनों परियोजनाओं का निर्माण लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) करा रहा है।
जब से यह निर्माण कार्य चल रहा है तब से लगातार मोहकमपुर के रेलवे फाटक और डाटकाली सुरंग में स्थान संकरा होने के कारण आए दिन जाम लगता रहता है। उत्तराखंड की राजधानी होने के कारण देहरादून और ऊपर के क्षेत्रों के लिए लगातार पर्यटकों का आनाजाना लगता रहता है जिसके कारण दिल्ली, उप्र, सहारनपुर से आने-आने वालों को डाटकाली के सुरंग के आसपास जाम से भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। यही स्थिति हरिद्वार हाईवे की भी रहती थी। मोहकमपुर रेलवे फाटक के दोनों तरफ भारी संख्या में वाहन फंसे रहते थे जिसके कारण जाम लगा रहता था। हरिद्वार मार्ग से आने जाने वाले प्राय: पहाड़ों से और ऋषिकेश, हरिद्वार तथा गढ़वाल-कुमाऊं से आते हैं जिसके कारण उन्हें जाम से दो-दो हाथ करना पड़ता है। इन दोनों योजनाओं के पूर्ण हो जाने के बाद लोगों को जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
लोनिवि के अधिकारी मानते हैं कि इन दोनों परियोजना का 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, केवल टेस्टिंग और सौंदर्यीकरण का काम बाकी है जो जल्द ही पूरा हो जाएगा। प्रवक्ता का मानना है कि यह मार्ग सितंबर तक खोल दिए जाएंगे।



