
देहरादून। राष्ट्रीय वाल्मिकी क्रांतिकारी मोर्चा द्वारा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का भव्य स्वागत किया गया। क्रांतिकारी मोर्चा का कहना है कि अजय भट्ट के नेतृत्व में संगठन के आग्रह पर सरकार द्वारा वाल्मिकी समाज के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई है, जिनका लाभ वाल्मिकी समाज को मिल रहा है। राष्ट्रीय वाल्मिकी क्रांतिकारी मोर्चा मानता है कि भाजपा ही दलित समाज की सच्ची हितैषी है। बुधवार को अजय भट्ट के आवास पर समाज का एक प्रतिनिधि मंडल उनसे मिला और उनका भव्य स्वागत किया।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना का कहना है कि जो कर्मचारी वर्षों से पांच हजार रुपये मासिक पर स्वच्छता का कार्य कर रहे थे उन्हें अब 275 रुपये प्रतिदिन मिलेगा जो मासिक आठ हजार से अधिक होगा। इसी प्रकार मलिन बस्तियां जो उजड़ने की कगार पर थी, को तीन साल की राहत देकर सरकार ने उन्हें बचाने का काम किया है। इसी प्रकार एससी, एसटी एवं पिछड़ा आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर केंद्र सरकार ने दलित समाज के हितों की चिंता की।
श्री मकवाना का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की भूमिका इस मामले में विशेष सराहनीय रही जिसके कारण प्रतिनिधि मंडल द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। इससे पहले दो दिन पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री का भी समिति की ओर से नागरिक अभिनंदन किया गया था और अब प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का भव्य स्वागत किया गया है। इस अवसर पर वाल्मिकी समाज के जो प्रमुख लोग उपस्थित थे उनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना के अलावा राजेंद्र केसला, राजेश राजौरिया, मदन लाल वाल्मिकी, अरुण चौहान, राकेश कुमार, अमित राव, हरीश सिसौदिया, राजेश चौहान, संजय बालू, विशाल समेत कई प्रमुख नाम शामिल है।



