
देहरादून। प्रदेश के कई स्थानों में आज ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा कई जगह हल्की बारिश भी हो सकती है। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने का भी अनुमान है। बुधवार को राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए हुए हैं। जिससे तापमान में खासी गिरावट आ गई है। राज्य में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, पौड़ी और टिहरी में कई जगह बारिश होने का अनुमान है। वहीं, राजधानी दून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंड में इजाफा जारी है। मंगलवार को राजधानी दून में अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक कम बना हुआ है।


