देहरादून – 71 वेॅ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल भराडीसैंण(गैरसैण) विधान सभा परिसर में ध्वजा रोहण करेंगें। इस अवसर पर भराडीसैंण में स्थानीय नागरिकों के साथ -साथ क्षेत्रीय विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी भी उपस्थित रहेंगें।
भराडीसैंण (गैरसैण) में विधान सभा भवन स्थापित होने के पश्चात यह पहला अवसर होगा जब उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष के रुप में प्रेमचन्द अग्रवाल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान सभा परिसर में ध्वजारोहण करेंगें। श्री अग्रवाल ने कहा कि गैरसैण उत्तराखण्ड की जन भावना से जुडा हुआ है। विधान सभा भवन, विधायक निवास, अधिकारी आवास, अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। इसलिए जनभावनाओं के अनुरुप स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भराडीसैण विधान सभा परिसर में ध्वजारोहण किया जायेगा।
विधान सभा अध्यक्ष के रुप में श्री अग्रवाल ने विधान सभा अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पहली बार ही गैरसैण में स्वतंत्रता दिवस पर विधान सभा परिसर में ध्वजारोहण करने का निर्णय लिया है। ज्ञात हो कि श्री अग्रवाल ने विगत दिनों विधान सभा में भराडीसैंण विधान सभा एवं अन्य अवस्थापना के निर्माण कार्य की नियोजन विभाग सहित विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक की थी। जिसमें श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये थे।



