देहरादून- उत्तराखंड की सीमा से लगे उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से आने-जाने वाले शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके, इसके लिए दोनों प्रदेशों से लगी सीमाओं पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। योजना के लिए पुलिस मुख्यालय से 10 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। लोकसभा चुनाव से पहले ये कैमरे सीमा पर लगाने की तैयारी है। प्रदेश में 84 ऐसे रास्ते हैं, जो सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे हैं। चुनाव के समय तो इन अंतर्राज्यीय सीमा पर किराये पर कैमरे लगाए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार पुलिस मुख्यालय ने इन सीमाओं पर स्थायी रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार के मुताबिक प्रदेश की सीमाएं सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से जुड़ी हैं। ऐसे में पहले इन सीमाओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। कैमरे लगने से सक्रिय अपराधियों की निगरानी की जा सकेगी। अधिकांश वारदातों के अनावरण में तीसरी आंख का बड़ा योगदान रहा है। ऐसे में घटना को अंजाम देकर पड़ोसी राज्यों में शरण पाने वाले बदमाशों की धरपकड़ में मदद मिलेगी।



