लोकसभा चुनाव के पहले त्रिवेंद्र सरकार का किसानों को तोहफा, अब कृषि ऋण पर नहीं देना होगा ब्याज……..

देहरादून- लोकसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सरकार किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के किसानों को शून्य ब्याज दर पर ऋण देने का ऐलान किया है। पौड़ी में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना का शुभारम्भ के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि काश्तकारों को यह ऋण कृषि उपकरणों की व्यवस्था के लिए दिया जाएगा। इसके ब्याज की धनराशि की भरपाई खनन, परिवहन और ऊर्जा के क्षेत्र से हुई राजस्व प्राप्ति से की जाएगी। इससे किसानों को सुविधा होने के साथ ही उनकी आय दोगुनी करने में मदद मिलेगी। बता दे इससे पहले पंडित दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत लघु और सीमान्त किसानों को 2 फीसदी ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा था। मुख्यमंत्री ने पौड़ी में 107.73 करोड की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. इनमें से 78.08 करोड़ की 11 योजना का लोकार्पण और 29.65 करोड़ की 14 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पौड़ी के कोट ब्लाक स्थित देवार में एनसीसी एकेडमी खोलने, पौड़ी की ल्वाली झील का निर्माण करने, कोट ब्लाक के फलस्वाड़ी में माता सीता मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए दो करोड़ देने, उत्तरकाशी में राज्य का पहला स्किल डेवल्पमेंट कॉलेज बनाने, जयहरीखाल में मेधावी बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय बनाने, 19.11 करोड की लागत से रामकुंड देवप्रयाग-सबदरखाल-कादेखाल पंपिंग योजना का निर्माण करने, कल्जीखाल ब्लाक में ग्राम भक्तोली-मुंडनेश्वर तथा डांग-भवन्यू-कोलड़ी से श्रीकोट-पोखरीखेत तक मोटर मार्ग निर्माण, कोट ब्लाक में बन्तापानी-कड़ाकोट-भुवनेश्वर तथा पौड़ी ब्लाक में घोड़ीखाल बैंड से पाली-रैदुल-आलीधार मोटर मार्ग का निर्माण, पक्कीकरण व सुधारीकरण करने और सतपुली थाने के समीप स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर बने सुलभ शौचालय नगर पंचायत सतपुली को आवंटित करने की भी घोषणा की।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here