देहरादून- नगर निगम में अधिकारियों और कर्मचारियों की लेटलतीफी दूर करने के लिए बॉयोमेट्रिक मशीनों पर हाजिरी अनिवार्य कर दी गई है। निगम में 2014 में लगाई गई तीनों बॉयोमेट्रिक मशीने शोपीस बनी हुई थीं, लेकिन अब नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने मशीन की हाजिरी के आधार पर ही वेतन बनाने के आदेश दिए हैं। इसे लेकर आयुक्त और निगम अधिकारियों के समक्ष वेतन के लिए सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी ने अपना प्रस्तुतीकरण भी दिया। आयुक्त ने एक माह में सॉफ्टवेयर तैयार कर हाजिरी मशीन से जोड़ने के आदेश दिए हैं। साल 2014 में अक्टूबर के महीने एक लाख रुपये खर्च कर ये मशीनें तीन अनुभागों में लगाई गई थीं। कर्मचारियों का वेतन भी इनमें दर्ज हाजिरी के जरिये ही बनना था, लेकिन इसे निगम प्रशासन की लापरवाही ही कहेंगे कि ये अब तक संभव नहीं हो पाया था। निगम में प्रशासनिक, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आदि बनाने, हाउस टैक्स जमा करने और अन्य कार्यों की शुरुआत का वक्त सुबह दस बजे से है, लेकिन यहां ऐसा नहीं होता। कारण साफ है कि, कर्मचारी एक से दो घंटे की देरी से पहुंचते हैं। लोग इंतजार करते रहते हैं, लेकिन इसकी चिंता किसे है। इसलिए 2014 में तत्कालीन मुख्य नगर अधिकारी हरक सिंह रावत ने बायोमेट्रिक मशीन पर हाजिरी लगाने के आदेश दिए थे। साथ ही यह भी आदेश दिया गया कि जो कर्मचारी देर से आएगा, उसका वेतन उसी हिसाब से काटा जाएगा। निगम में तीन अनुभागों प्रशासनिक अनुभाग, स्वास्थ्य अनुभाग व भवन कर अनुभाग में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गईं। लेकिन, निगम प्रशासन मशीनें लगाकर शांत बैठ गया। अब नगर आयुक्त ने मशीनों पर दोबारा हाजिरी की शुरूआत की है।



