
भारत के राष्ट्रपति ने पटेल चौक पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने जनपद कानपुर देहात के पुखरायां क्षेत्र के रामस्वरूप ग्रामोद्योग इण्टर काॅलेज में आयोजित ‘अभिनन्दन समारोह’ को सम्बोधित किया। उन्होंने देश की वर्तमान युवा शक्ति की ऊर्जा को अपनी युवा ऊर्जा से जोड़ते हुए कहा कि मेरी कर्मस्थली के लोगों ने मुझे बड़ी आत्मीयता प्रदान की है। उन्होंने दिल्ली से जनपद कानपुर देहात तक की अपनी रेल यात्रा के दौरान रेल मंत्रालय द्वारा निर्माणाधीन फ्रेट काॅरिडोर की वस्तुस्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस रेलवे फ्रेट काॅरिडोर से आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और लोग लाभान्वित होंगे। पुखरायां एक व्यावसायिक केन्द्र है। इस काॅरिडोर से यहां के लोगों को भी फायदा होगा। आने वाले समय में इस सबका सकारात्मक प्रभाव हमारी अर्थव्यवस्था पर दिखेगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने योग आधारित जीवन शैली को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने विगत 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ‘योग से सहयोग तक’ का सन्देश जन-जन को दिया है। हमें समाज में योग का प्रचार-प्रसार करना चाहिए। योग को अपनाकर हम इस महामारी से प्रभावित होने से बच सकते हैं। वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव हेतु लोग अपना टीकाकरण कराते हुए अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिला प्रशासन भी इस व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए लोगों को जागरूक करे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने ‘अभिनन्दन समारोह’ के सम्बोधन भाषण में कहा कि देश के प्रथम नागरिक का जनपद कानपुर देहात से पैतृक जुड़ाव हमारे लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की जनता एवं प्रदेश सरकार की ओर से राष्ट्रपति, भारत की प्रथम महिला श्रीमती सविता कोविंद एवं राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।



