देहरादून- लगातार तीन दिन बारिश और बर्फबारी के बाद आज मौसम साफ हो गया है। राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकतर इलाकों में आज सुबह ही धूप खिल आई है। वहीं कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी और डीडीहाट में आज सुबह भी बर्फबारी जारी रही। मुनस्यारी मुख्यालय में लगभग सवा फीट बर्फ जम चुकी है। चंपावत और पाटी में भी जमकर बर्फ पड़ी है। वहीं रानीखेत के चैबटिया में बुधवार को साल का पहला हिमपात हुआ है। रुद्रपुर में बादल छाए हैं। भीमताल के जंगलियागांव और कर्कोटक की पहाड़ियों में 25 साल बाद बर्फबारी हुई। चम्पावत और लोहाघाट में हिमपात और मौसम खराब होने से प्रशासन ने टनकपुर-चम्पावत मार्ग में टनकपुर से आगे यातयात पर रोक लगाई है। आज सुबह से चम्पावत की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जा रहा है। वाया हल्द्वानी होकर वाहन जा रहे हैं।



