राजधानी देहरादून के पॉश कॉलोनी में महिला की हत्या कर लाखों की लूट, पुलिस जांच में जुटी……

राजधानी देहरादून की पॉश इलाके दून विहार में बदमाशों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली। बदमाश घर की मालकिन को बेहोश कर गए थे। महिला का पति घर पहुंचा तो उसे निजी अस्पताल ले गया। वहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार विद्या विहार लेन नंबर एक निवासी गुलशन चड्ढा (65) वर्ष चीफ डिफेंस ऑडिटर (सीडीए) कार्यालय से सेवानिवृत्त थीं। उनके पति प्रवेश चड्ढा एक निजी होटल में और बेटा सन्नी व बहू निजी बैंकों में काम करते हैं। तीनों गुरुवार काम पर चले गए। शाम को तकरीबन साढ़े चार बजे प्रवेश घर पहुंचे तो अंदर वाले गेट पर गुलशन बेहोश पड़ी मिलीं। घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और आलमारी में रखे लाखों के जेवरात व 80 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना जाखन चौकी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गुलशन को मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां गुलशन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फोरेंसिक टीम को बुलाने के निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और फिंगर प्रिंट आदि एकत्र किए। उधर, मसूरी विधायक गणेश जोशी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here