
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी उत्पल कुमार अनुशासित, समय के पाबंद और अपने काम को गंभीरता से लेने वाले अधिकारी के तौर पर जाने जाते हैं। जिस दिन से उन्होंने उत्तराखंड में मुख्य सचिव की कमान संभाली है, सुबह नौ बजे आफिस पहुंच जाते हैं । रात 9 बजे तक सभी फाइलों को उसी दिन निपटा कर ही उत्पल कुमार सिंह घर जाते हैं। लोग मानते है कि उनके काम करने के तरीके से शासन के कार्यों में तेजी आई है। लोगो का कहना है कि अब इसका असर जल्द दिखेगा।
सचिवालय में सभी के आने का समय सुबह 9.30 से शाम 6 बजे तक है लेकिन प्रदेश के मुख्य सचिव समय से पहले पहुंचकर अपने काम को आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि, उनकी तरफ से अभी तक सचिवालय में जल्दी आने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन मुख्य सचिव के जल्दी आने के कारण बाकी अधिकारी भी समय से पहले ही सचिवालय में दाखिल हो रहे हैं।
उत्पल कुमार सिंह का मानना है कि राज्य के विकास के लिए अधिकारियो को काम तेजी से करना होगा, क्योंकि पिछले कई सालों से पेंडिंग पड़े काम लोगों को तो दिक्कत देते ही हैं साथ ही अधिकारियों पर भी सवाल खड़े करते हैं। उनके काम करने का तरीका लोगों को भी अब पसंद आने लगा है। इसके साथ ही अब ये उम्मीद भी जताई जा रही है कि राज्य में पहले के मुकाबले तेज गति से विकास कार्य होंगे।


