यूपी का गांव हिलेरी क्लिंटन की जीत के लिए दुआ कर रहा

hillary-clinton-accepts-nomination_1469776404यूपी का एक छोटा सा गांव जबरौली अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में बेहद दिलचस्पी ले रहा है। इस गांव में लोग डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन की जीत के लिए दुआएं मांग रहे हैं। लखनऊ के पास स्थित इस गांव के लोगों का हिलेरी क्लिंटन से खास नाता है। दरअसल, दो साल पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने इस गांव का दौरा किया था। वह एक स्वास्थ्य योजना के प्रचार के लिए इस गांव आए थे। हिलेरी क्लिंटन, जो अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार हैं, बिल क्लिंटन की पत्नी हैं। ऐसे में जबरौली गांव के लोग हिलेरी की जीत की कामना कर रहे हैं।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गांव के 64 साल के बुजुर्ग जगरूप नारायण खुश होते हुए कहते हैं, ‘बिल क्लिंटन के कारण ही हमारा गांव अब दुनियाभर में मशहूर हुआ है। हमारा छोटा सा गांव अब दुनिया भर में मशहूर है।’

इस गांव के लोगों को भरोसा है कि अगर हिलेरी क्लिंटन जीतती है तो वह जबरौली गांव का दौरा जरूर करेंगी। गांव के लोगों ने प्राचीन खादेश्वर महादेव मंदिर में हिलेरी की जीत के लिए पूजा-अर्चना की। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति क्लिंटन जब जबरौली आए तो हजारों की संख्या में लोग उनके दीदार के लिए यहां जमा हुए थे। जबरौली के ग्राम प्रधान का कहना है, ‘बिल क्लिंटन जब गांव आने वाले थे तो पूरे इलाके में सफाई कराई गई थी। घर-घर में त्यौहार जैसे माहौल था।’

जबरौली गांव के लोगों का कहना है कि स्थानीय नेता उनकी मांगें नहीं सुनते हैं। गांव के लोग लंबे समय से स्टेडियम और स्कूल की मांग कर रहे हैं। अब उन्हें उम्मीद है कि अगर हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति बनने के बाद उनके गांव का दौरा करती हैं तो उनकी मांगें पूरी होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here