
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में तरकुलानी रेगुलेटर सहित गोरखपुर मण्डल की 145.16 करोड़ रुपए लागत की 10 बाढ़ नियंत्रण एवं जलनिकासी परियोजनाओं का लोर्कापण किया। लोकार्पित परियोजनाओं में जनपद गोरखपुर की 05, जनपद महराजगंज की 04 एवं जनपद देवरिया की 01 परियोजना शामिल है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर ग्रामीण एवं चौरी-चौरा विधान सभा क्षेत्र की 21207.11 लाख रुपए लागत की 45 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। इनमें 30 लोकार्पित परियोजनाओं की लागत 17242.18 लाख रुपए तथा शिलान्यास की गई 15 परियोजनाओं की लागत 3964.93 लाख रुपए है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तरकुलानी रेगुलेटर के क्रियाशील हो जाने से 47 गांवों के लोगों के जीवन में नया बदलाव आएगा। इन गांवों के खेतों को अब जल-जमाव से मुक्ति मिलेगी, जिससे 2,838 हेक्टेयर कृषि भूमि लाभान्वित होगी। इस क्षेत्र के किसान अब साल में दो फसल ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से लोगों की तरकुलानी रेगुलेटर बनाए जाने की मांग थी। 50,000 परिवारों के लिए यह परियोजना बहुत आवश्यक थी, ताकि लोगों को बाढ़, जन-धन की हानि और बीमारियों से बचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तरकुलानी रेगुलेटर ने आज से काम करना प्रारम्भ कर दिया है। इसकी क्षमता इतनी है कि रामगढ़ताल के पानी को अधिकतम 1 घण्टे में बाहर फेंक सकता है। तरकुलानी रेगुलेटर प्रोजेक्ट के तहत निर्मित पम्पिंग स्टेशन में 11 अदद 30 क्यूसेक पम्प, 03 अदद 10 क्यूसेक पम्प, 05 अदद 625 के0वी0ए0 डीजल जेनरेटर सेट, सक्शन टैंक की व्यवस्था है। इसके फीडर चैनल की लम्बाई 280 मीटर है। तरकुलानी रेगुलेटर केवल बाढ़ और जल-जमाव से छुटकारा दिलाने में ही सहायक नहीं होगा, बल्कि यह इस क्षेत्र में मस्तिष्क ज्वर आदि बीमारियों की रोकथाम में भी सहायक होगा। पम्पिंग स्टेशन के प्रारम्भ होने से जल-जमाव की समस्या दूर होगी और खेती-बाड़ी भी बचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार प्रदेश के एक-एक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही हैं। माह दिसम्बर तक प्रदेश के 50,000 राजस्व गांवों तक पेयजल की व्यवस्था हेतु कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा। इससे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का ‘हर घर नल’ के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आज जनपद गोरखपुर में लोकार्पित परियोजनाओं में 10 सड़क परियोजनाएं तथा चौरी-चौरा विधान सभा क्षेत्र के 02 उपरिगामी सेतुओं का लोकार्पण भी शामिल है। यह लोकार्पित परियोजनाएं हर एक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का माध्यम बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में फर्टिलाइजर कारखाना अक्टूबर, 2021 तक तैयार हो जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से इस कारखाने के उद्घाटन सम्पन्न होगा। कारखाने से किसानों को खाद मिलेगी, नौजवानों को नौकरियां मिलेंगी और रोजगार के अन्य अवसर भी उत्पन्न होंगे। माह अक्टूबर, 2021 में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं वाले एम्स का भी प्रधानमंत्री जी द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल कभी अपराधियों का अड्डा होता था, अब पर्यटन केन्द्र बन चुका है। अपनी सुन्दरता में यह मुम्बई को भी फेल कर रहा है।