देहरादून- भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भगत दा के नाम से जाने जाने वाले कोश्यारी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को इस्तीफा सौंप दिया। दरअसल रविवार को ही कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाने का ऐलान किया गया है। राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्ति के बाद किसी भी पार्टी का सदस्य नहीं रहा जा सकता है इसलिए कोश्यारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
बता दें महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को बधाइयों का तांता लग गया था। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने भी कोश्यारी को बधाई दी। भट्ट ने इसे उत्तराखंड का सम्मान करार दिया तो नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोश्यारी देश के सबसे खूबसूरत राजभवन की शोभा बढ़ाएंगे। अब उन्हें भी वहां जाकर चाय पीने का अवसर मिल जाएगा।



