देहरादून- उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद अब भाजपा और कांग्रेस अपनी अपनी जीत के दावे कर रही है। भाजपा ने मतदान को लोगों में पीएम मोदी के प्रति उत्साह बताया, तो वहीं कांग्रेस ने भी अपनी जीत का दावा किया। भाजपा ने दावा किया है कि उत्तराखंड में सभी पार्टी प्रत्याशी जोरदार जीत दर्ज करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड में मतदान को लेकर मतदाताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उत्साह और काग्रेस खेमे में निराशा है।
इसे देखते हुए साफ है कि इस बार भाजपा प्रत्याशी पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में अधिक मतों से विजयी होंगे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी जाजू ने कहा कि राज्य में हमारी अपेक्षानुसार मतदान हुआ है। मतदाता ने गर्मी, धूप की परवाह किए बगैर पोलिंग बूथों तक पहुंचकर मतदान किया। इसके लिए उन्होंने मतदाताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ जिलों में पिछली बार की तुलना में मतदान मामूली अंतर जरूर दिख रहा है, लेकिन सभी जगह लोगों ने भाजपा के पक्ष में जबर्दस्त मतदान किया है। उन्होंने कहा कि इस बार भी यहां की पांचों सीटों पर पिछली बार की तुलना में अधिक मतों के अंतर से भाजपा जीतने जा रही है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी दावा किया कि मतदाताओं से मिले प्यार की वजह से कांग्रेस टिहरी समेत राज्य की सभी संसदीय सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व टिहरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ने गुरुवार को देहरादून में कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने कुछ मतदान केंद्रों में अव्यवस्था का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि धामावाला, कौलागढ़ रोड व कैंट क्षेत्र स्थित मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था हावी रहीं। इस संबंध में शिकायत करने पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि कैंट क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन पांच बार खराब हुई। इस वजह से वोट देने के लिए आए बड़ी संख्या में मतदाताओं को निराश लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीन में खराबी को लेकर पार्टी पहले ही आशंकित रही। यह आशंका सही भी साबित हुई। कहा कि निर्वाचन ड्यूटी कर रहे अधिकारियों के पास ईवीएम की खराबी को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं था। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सरकार के इशारे पर अधिकारी लोकतंत्र पर प्रहार करने से नहीं चूक रहे। कई मतदान केंद्रों पर इन अधिकारियों के रवैये से पोलिंग एजेंट और मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि उन्हें टिहरी सीट पर मतदाताओं का प्यार मिला है। दावा किया कि टिहरी समेत सभी पांचों सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।