हरिद्वार- पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण की शुक्रवार दोपहर को अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें हरिद्वार के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने के कारण उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। ताया जा रहा है कि वे पतंजलि में ही थे। अचानक उन्हें बेहोशी होने लगी और सीने में दर्द की शिकायत भी थी। उन्हें बेहोश होता देख पतंजलि के कार्यकर्ताओं ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अभी उनका इलाज चल रहा है। तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पतंजलि के कार्यकर्ता विमल कुमार के अनुसार उन्हें गैस की समस्या हुई है। कुछ लोगों का कहना कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। लेकिन अभी एम्स प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। एम्स के निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने भी आचार्य बालकृष्ण का हाल जाना। वहीं, योगगुरु बाबा रामदेव भी उनके साथ अस्पताल में ही मौजूद हैं। वहीं विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल भी आचार्य बालकृष्ण को मिलने एम्स पहुंचे हैं।
बता दे कि बालकृष्ण ने रामदेव के साथ मिलकर हरिद्वार में आचार्यकुलम की स्थापना की थी। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान से भी जुड़े हैं। बालकृष्ण ने संस्कृत में आयुर्वेदिक औषधियों और जड़ी-बूटियों के ज्ञान में निपुणता हासिल की है और इसका प्रचार-प्रसार का कार्य करते रहे हैं। आचार्य बालकृष्ण ने पतंजलि योगपीठ के आयुर्वेद केंद्र के माध्यम से पारंपरिक आयुर्वेद पद्धति को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। बालकृष्ण ने आयुर्वेदिक औषधियों से संबंधित कई पुस्तकें भी लिखी हैं।



