देहरादून– देहरादून के जाने माने कॉलेज डीएवी कॉलेज में 12 साल बाद एबीवीपी को बड़ी हार मिली है। निर्दलीय निखिल शर्मा अध्यक्ष बने हैं। एनएसयूआई दूसरे नम्बर पर तो एबीवीपी तीसरे स्थान पर रही। दोपहर दो बजे देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में मतदान अंतिम चरण में पहुंचा और ढाई बजे संपन्न हो गया था। डीएवी में कुल 3898 वोट पड़े। इस बार डीएवी में मतदान प्रतिशत कम रहा। दो दिन पहले हुए झगड़े का असर माना जा रहा है। वहीं श्रीदेवसुमन विवि में सभी पदों पर एबीवीपी का परचम लहराया। वहीं एमकेपी कॉलेज में भी सभी पदों पर एबीवीपी ने जीत दर्ज की। मनीषा राणा अध्यक्ष, अंकिता जगूड़ी महासचिव पद पर जीतीं। डीबीएस कॉलेज में भी सभी पदों पर एबीवीपी का जलवा दिखा।
डीएवी कॉलेज में दूसरे राउंड की गिनती पूरी हो गई है। निखिल को दूसरे राउंड में 356, सागर को 215 और हिमांशु को 262 वोट पड़े। दोनों राउंड में निखिल शर्मा 886, सागर तोमर 528, हिमांशु रावत 582 वोट पड़े। निर्दलीय निखिल 304 वोट से बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
मसूरी के एमपीजी कॉलेज कॉलेज में एनएसयूआई के प्रत्याशी प्रिंस पंवार ने एबीवीपी के प्रत्याशी सुमित भंडारी को 3 वोटों से पराजित कर जीत हासिल की। एसजीआरआर पीजी कॉलेज में भी दो बजे मतदान खत्म हो गया। यहां कुल 1080 वोट पड़े। यहां अध्यक्ष पद पर सक्षम ग्रुप के शुभम बंसल जीते। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ओशिन कुनवाल व महासचिव पद पर सक्षम ग्रुप के विश्वनाथ रमन बुडाकोटी जीते। सह सचिव पद पर एनएसयूआई के मोहम्मद अजहर सैफी व कोषाध्यक्ष पर एनएसयूआई की मेघा भट्ट जीतीं। यहां अभाविप का सूपड़ा साफ हो गया। एमकेपी में 917 वोट पड़े। कई साल के बाद यहां पोलिंग बढ़ी। रायपुर डिग्री कॉलेज में 994 में से 561 ने ही वोट डाला। हरिद्वार के चिन्मय डिग्री कॉलेज में दोपहर दो बजे चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें अमन कुशवाहा अध्यक्ष चुने गए।



