
नई दिल्ली: पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की हालत गंभीर है। गृहमंत्री अमित शाह ने एम्स जाकर उनका हाल जाना। सूत्रों के मुताबिक, आज सभी मंत्री जेटली को देखने जाएंगे और उनका हाल जानेंगे। जेटली की तबीयत शुक्रवार देर शाम फिर बिगड़ी। उनके दिल और फेफड़े ठीक तरह से काम नहीं कर रहे हैं, इसीलिए उन्हें एकमो मशीन पर रखा गया है। एक्सट्रॉकोर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनेशन, जिसे एक्स्ट्राकोर्पोरियल लाइफ सपोर्ट के रूप में भी जाना जाता है, यह उन व्यक्तियों को लंबे समय तक हृदय और श्वसन सहायता प्रदान करने की एक एक्सट्रॉस्पोरल तकनीक है, जिनके हृदय और फेफड़े ठीक ढंग से काम नही कर रहे हों। एम्स के अनुसार, दिन में 11:30 बजे राष्ट्रपति पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों और परिवार के लोगों से जेटली के स्वास्थ्य के बारे में बातचीत की। रात करीब दस बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी जेटली का हाल जानने एम्स पहुंचे। शाह ने इससे पहले सुबह में भी जेटली के घर पहुंचकर उनके परिजनों से बातचीत की थी। पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र प्रधान व केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी एम्स पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं ट्विटर पर लोग दिनभर जेटली के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते रहे। एम्स की तरफ से उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन शाम को एक कार्यक्रम के बाद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि डॉक्टर उनके इलाज में हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जेटली को पिछले हफ्ते घबराहट और कमजोरी की शिकायत के बाद 9 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और भाजपा के अन्य शीर्ष नेताओं ने अस्पताल जाकर जेटली का हाल-चाल लिया था। बता दें कि मई 2018 में उनका एम्स में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उससे पहले साल 2016 में उनकी बेरिएट्रिक सर्जरी (वजन घटाने के लिए पेट की चर्बी का आपरेशन) हुई थी। जेटली को डायबिटीज़ भी है।



