देहरादून- मोबाइल शाप में सेंधमारी कर मोबाइल उड़ाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एनडीए की तैयारी कर रहे चार लोगों को लाखों के चोरी के मोबाइल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी के मोबाइलों को कोरियरों व अन्य माध्यमों से बाहरी प्रदेशों में बेचने का कारोबार किया करते थे। गिरफ्तार बदमाश दून में इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि बीती 13 व 17 अप्रैल को अज्ञात चोरों ने हर्रावाला व जौलीग्रांट क्षेत्र में स्थित दो मोबाइल की दुकानों में धावा बोलकर लाखों के मोबाइल चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था। उन्होने बताया कि इस तरह की दो घटनाएं पूर्व में भी प्रेमनगर थाना क्षेत्र में अंजाम दी गयी थी। इन मामलों को देखते हुए एक पुलिस टीम गठित कर मामलों के खुलासें में लगाया गया। खुलासे में लगी पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ दिन पूर्व कुछ लड़कों ने कोरियर के माध्यम से भारी संख्या में मोबाइल भेजे है। सूचना पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उक्त मोबाइल बिहार भेजे गये है। इस पर पुलिस ने कोरियर कम्पनी को उक्त कोरियर को रोकने के लिए कहा। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम को कल देर शाम सूचना मिली कि प्रेमनगर व डोईवाला क्षेत्र में हुई चोरियों में शामिल उक्त चोर आईएसबीटी चौक के पास देखे गये है तथा वह बाहरी प्रदेशोें में चोरी के मोबाइल बेचने जा रहे है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान की घेराबंदी कर चार लोगों को दबोच लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने चारों दुकानों में चोरी किये गये 45 मोबाइल फोन बरामद किये है। पूछताछ में उन्होने अपना नाम अभिजीत सिंह, सत्यम, रोशन कुमार व साहिल बताया निवासी बिहार बताया। आरोपी एनडीए की तैयारी कर रहे थे लेकिन खर्चे पूरे न होने के चलते चोरी की वारदातों कों अंजाम दिया करते थे।



