
देहरादून। पुलिस का नाम आते ही उसकी नकारात्मक छवि सामने आती है लेकिन पुलिस सकारात्मक काम कितने करती है इस पर मीडिया की कलम कम चलती है। उत्तराखंड पुलिस अपने ऐसे ही काम की वजह से अच्छी चर्चाओं में है। यह चर्चा कई लोगों की जान बचाने की है। भारी बारिश के कारण देहरादून के ढालीपुर गांव के निकट यमुना नदी के टापू पर फंसे 29 लोगों को रेस्क्यू के जरिए सुरक्षित निकाला गया है।
24 सितंबर की रात को एसडीआरएफ को सूचना मिली थी कि हरबर्टपुर थाना सहसपुर के आगे पड़ने वाली नदी के टापू में कुछ लोग फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। बारिश के बाद पानी का बहाव काफी तेज होने की वजह से उनका रेस्क्यू नहीं हो पा रहा था। इसके बाद रेस्क्यू टीम को ऋषिकेश से बुलाया गया था जिसके बाद सभी 29 लोगों का रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू किये गए लोगों में 19 बच्चे, 6 पुरुष व 5 महिलायें शामिल हैं।


