पिथौरागढ़- आज दोनों देशों के राष्ट्रगान के बाद भारत-कजाकिस्तान के सैनिकों का संयुक्त युद्धाभ्यास काजिंद 2019 का शुभारंभ सेना के मैत्री मैदान में हो गया। इसके लिए बुधवार को कजाकिस्तान के 60 सैनिकों का दल पिथौरागढ़ पहुंच गया था। संयुक्त युद्धाभ्यास में दोनों देशों के करीब 200 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। भारत की ओर से दो राजपूत रेजीमेंट जोशीमठ के जवान युद्धाभ्यास में शिरकत कर रहे हैं। दो राजपूत रेजीमेंट के कंपनी कमांडर मेजर भूप सिंह ने बताया कि आज मैत्री मैदान में बिग्रेडियर एसके मंडल (सेना मेडल), कमांडर 111 इंडिपेंडेंट इंफ्रेट्री बिग्रेड संयुक्त युद्धाभ्यास का शुभारंभ करेंगे।
युद्धाभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिकों को जंगल, पहाड़ियों और घरों में छिपे उग्रवादियों को मार गिराने का अभ्यास कराया जाएगा। सैनिकों को विपरीत और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में आतंकी घटनाओं से खुद की रक्षा कर किस तरह निपटा जाए इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। संयुक्त अभ्यास के लिए दो राजपूत रेजीमेंट के सैनिक पहले से ही यहां पहुंच कर अभ्यास कर रहे हैं। रेजीमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अजीत कुमार बहरा (सेना मेडल) सैनिकों को युद्धाभ्यास की जानकारी दे रहे हैं। 14 अक्तूबर को संयुक्त युद्धाभ्यास का समापन होगा।


