किच्छा- किच्छा नई सुनहरी में गुरुवार देर रात पार्टी के दौरान डीजे पर डांस कर रहे युवकों ने अवैध असलहे से फायर किया, जिसे गोली खम्बे से टकरा कर दस साल के विपिन पुत्र कैलाश को जा लगी। विपिन के पेट से खून निकलता देखा मौके पर हड़कंप मच गया था। प्राथमिक उपचार के बाद विपिन को हल्द्वानी के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सको ने 72 घंटे के बाद ही हालात साफ होने की बात कही है। पुलिस मामले मे परिवार के साथ ही पार्टी फोटोग्राफर से पूछताछ के साथ साक्ष्य तलाशने में जुटी है। पुलिस ने फायर करने वालों को भी चिह्नित कर लिया है। वहीं, घायल विपिन के मामा जयवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गोपी पुत्र छिंदा निवासी सुरेंद्र, गुरतेज पुत्र दलबीर सिंह निवासी मछली मंडी और काले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार दोपहर हिंदू युवा वाहिनी प्रदेश अध्यक्ष श्रीकांत राठौर के नेतृत्व में मोहल्ले के लोगों ने कोतवाल उमेश मलिक से मुलाकात कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।



