राज्य में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार की तरफ से कई कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब इस कड़ी में स्कूली बच्चों का सहारा लिया जा रहा है। उत्तराखंड पुलिस स्कूली बच्चो में ट्रैफिक नियमों की जागरुकता लाने के उदेश्य से जूनियर ट्रैफिक फोर्स तैयार कर रही है । मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से हरी झंडी के बाद देहरादून शहर के 40 स्कूलों में जूनियर ट्रैफिक फोर्स गठित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हर स्कूल की फोर्स में 15 छात्र शामिल होंगे, जिन्हें ट्रैफिक निदेशालय द्वारा विशेष प्रशिक्षण देने के साथ आईडी कार्ड जारी करेगा. 1 दिसंबर से यह फोर्स अस्तित्व में आ जाएगी।वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में जूनियर फोर्स 16 दिसंबर से शुरू होगी। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में इसके बाद जूनियर ट्रैफिक फोर्स का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जूनियर ट्रैफिक फोर्स को हरी झंडी दी थी। इसी कड़ी में ट्रैफिक निदेशालय ने स्कूलों में जूनियर ट्रैफिक फोर्स गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक केवल खुराना ने बताया कि शहर के 40 कालेजों में जूनियर ट्रैफिक फोर्स गठित की जाएगी। एक दिसंबर से यह फोर्स अस्तित्व में आ जाएगी। उनके मुताबिक हर स्कूल की फोर्स में कक्षा नौ से लेकर 12वीं तक के 15 बच्चे शामिल होंगे। इन्हें ट्रैफिक निदेशालय द्वारा ट्रैफिक नियमों को लेकर प्रशिक्षण देने के साथ ही आईकार्ड भी जारी किए जाएंगे। जूनियर ट्रैफिक फोर्स अपने साथियों को भी जागरूक करेगी। इसके अलावा फोर्स ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से बातकर उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेगी।
आपको बतादे कि वरिष्ठ आईपीएस केवल खुराना को प्रदेश में यातायात सुधार के लिए सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात की नई जिम्मेदारी दी गई है।



