देहरादून- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। हरिद्वार को छोड़कर प्रदेश के सभी 12 जिलों में पंचायत चुनाव होने वाले हैं। जिसकों देखते हुए दोनों राजनीतिक पार्टियां कांग्रेस-बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी है। साथ ही एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। दोनों ही पार्टियां अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही है। भाजपा का कहना है कि पंचायत चुनाव से पहले ही कांग्रेस के लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। विपक्ष चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुका है। उन्होंने कहा कि बीजेपी पंचायत चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। वहीं कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी गलतफहमी के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि आज वो लोग देश प्रेमी हो गए, जो अंग्रेजों के मुखबिर हुआ करते थे। वहीं जिन्होंने अंग्रेजों के साथ लड़ाई लड़ी वो आज देशद्रोही कहे जा रहे हैं। उन्होंने इस पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत का दम भरा।
बता दें कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी करने के बाद से ही प्रदेश के 12 जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया 20 सितंबर से 27 सितंबर तक चलेगी। वहीं 28 सितंबर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। चुनाव तीन चरणों 5 अक्टूबर, 11 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को होंगे। जिसके बाद 21 अक्टूबर को मतगणना कर चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।



