देहरादून- त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों और जनविरोधी फैसलों पर कांग्रेस चार्जशीट तैयार करेगी। इस चार्ज शीट को सरकार के दो साल पूरे होने वाले दिन 18 मार्च को ही राज्यपाल को सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही इस चार्जशीट को लेकर कांग्रेस जनता के बीच भी जाएगी। मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने पार्टी की चार्जशीट कमेटी का गठन किया। पार्टी के राज्य के शीर्ष नेताओं के साथ दिल्ली में आयेाजित बैठक में यह निर्णय किया गया है। चार्जशीट कमेटी का संयोजक पूर्व मंत्री नवप्रभात को बनाया गया है। तिलकराज बेहड़, विधायक मनोज रावत, धीरेंद्र प्रताप, राजेश्वर पैन्यूली सदस्य होंगे। राज्य प्रभारी ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, आए दिन जनविरेाधी फैसले किए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के नारे तो जरूर लगाए जा रहे हैं, लेकिन भ्रष्टाचार दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने कई बार ऐसे मामलों को उठाया। धरना-प्रदर्शन किए और सरकार को ज्ञापन दिए। पर, सरकार ने कार्रवाई नहीं की। इसलिए अब सरकार के दो साल पूरे होने पर बाकायदा एक चार्जशीट तैयार कर राज्यपाल को सौंपी जाएगी। राज्यपाल से मांग की जाएगी कि वे सरकार को कार्रवाई के लिए निर्देश दें। बैठक में राज्य सहप्रभारी राजेश धर्माणी, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा ह्दयेश, प्रदेश महामंत्री-संगठन विजय सारस्वत आदि शामिल रहे।



