मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक और छोटी बहू अपर्णा यादव आज लखनऊ में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मिलने पहुंचे. अपर्णा ने सीएम योगी को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया.

शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे, अपर्णा तथा प्रतीक यादव गुलाबों का गुलदस्ता लेकर गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां 44-वर्षीय महंत-राजनेता योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करने के बाद से रह रहे हैं. यादव दंपति ने योगी आदित्यनाथ के साथ लगभग आधा घंटा बिताया. इस मुलाकात को ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया जा रहा है.

वैसे, यह पहला मौका नहीं है, जब अपर्णा यादव को बीजेपी से ‘मेलजोल’ बढ़ाते देखा गया है… इससे पहले, तब भी अपर्णा के व्यवहार पर सवाल खड़े किए गए थे, जब उन्होंने खुले तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी.



