देहरादून- केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा एनआईटी श्रीनगर में खाली पदों पर जयपुर में भर्ती प्रक्रिया का विरोध करते हुए एनआईटी प्रशासन से तत्काल प्रभाव से रोक लगाने को कहा है। उनका कहना है कि इन पदों के लिए एनआईटी श्रीनगर में ही साक्षात्कार कराये जाये। निशंक द्वारा एनआईटी श्रीनगर के अन्यत्र स्थानानन्तरण के मुद्दे को लेकर खासी सक्रियता दिखायी जा रही है। उनका साफ कहना है कि एनआईटी को अनयंत्र कहीं भी स्थानान्तरित नहीं किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि ढांचागत विकास न होने तथा छात्र सुविधाओं और फैकल्टी निमार्ण न होने के कारण बीते साल एनआईटी के छात्रों द्वारा महीनों लम्बा आंदोलन चलाया गया था जिसके कारण एनआईटी श्रीनगर के छात्रों को जयपुर एनआईटी शिफ्ट कर दिया गया था। एनआईटी श्रीनगर के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह ने घोषणा की थी कि एनआईटी को श्रीनगर से शिफ्ट नहीं किया जायेगा। लेकिन सरकार अब तक एनआईटी की जरूरी सुविधांए श्रीनगर में उपलब्ध नहीं करा सकी है। जिसे लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं हो सकी है। निशंक के मानव संसाधन मंत्री बनने के बाद वह श्रीनगर एनआईटी को लेकर अत्यन्त ही संजीदा दिख रहे है। श्रीनगर एनआईटी में खाली पदों को भरने के लिए जयपुर एनआईटी द्वारा विज्ञप्ति जारी किये जाने और जयपुर में ही भर्ती प्रक्रिया चलाने से नाराज निंशक ने एनआईटी प्रशासन को तत्काल भर्ती पर रोक लगाने तथा सारी भर्ती प्रक्रिया श्रीनगर में ही कराने के निर्देश दिये है। निशंक के आदेेशों के बाद जयपुर में जारी भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है। श्रीनगर एनआईटी की पूरी भर्ती प्रक्रिया अब श्रीनगर में ही होगी। उनका कहना है कि एनआईटी की भर्ती के लिए आवेदकों को जयपुर ही क्याें जाना पड़े।



