पौड़ी- उत्तराखंड के पौड़ी में कीर्तिनगर तहसील के अंतर्गत धारी गांव में गुलदार ने महिला को मार डाला। महिला का अधखाया शव रात में जंगल में बरामद हो गया। टिहरी जिले के धारी गांव की 45 वर्षीय महिला कल्पेश्वरी देवी पत्नी स्व. रमेश पांडे बृहस्पतिवार दिन में घास लेने गई थी। जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी, तो उसकी ढूंढ खोज की गई। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग, पुलिस और तहसील प्रशासन को दी। वन विभाग और ग्रामीणों के सर्च अभियान के दौरान लोगों को महिला की चप्पल मिली, जिससे ये पक्का हो गया कि महिला जंगली जानवर का शिकार बन गई होगी। रेंजर देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि रात लगभग नौ बजे जंगल में महिला का शव मिल गया।



