
देहरादून । नगर निगम देहरादून में गृह कर बढ़ाने के मुद्दे पर कई राजनीतिक दलों में उबाल है। इन दलों के प्रतिनिधि नेताओं ने संयुक्त रूप से नगर निगम में प्रदर्शन किया और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
अपने इस ज्ञापन में विभिन्न राजनीति दलों का कहना है कि बिते नौ अगस्त को गृह कर में बढ़ोतरी के विरुद्ध एक प्रतिवेदन दिया गया तथा उसे स्थगित करने की मांग की गई थी लेकिन इस संदर्भ में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
राजनीतिक दलों का कहना है कि नगर निगम कार्यालय द्वारा इस मामले में कुछ व्यक्तिगत आपत्तियों की सुनवायी के लिए बुलवाया गया है जो कि गलत है। इन नेताओं का कहना है कि व्यक्तिगत आपत्तियों के निस्तारण का फैसला स्थगित किया जाये। नये बोर्ड को यह अधिकार हो कि इस सम्बन्ध में वह फैसला ले अन्यथा दून के समस्त राजनीतिक दल एक बड़ा आंदोलन शुरू करेेंगे जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। पूरे नगर में यह आंदोलन विस्तारित किया जाएगा।



