देहरादून- भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने के कारण उत्तराखंड के वन क्षेत्रों में लगी आग विकराल होने लगी है। आज दोपहर नैनीताल के आलूखेत गांव से लगे जंगल में आग धधक उठी। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग का वाहन मौके पर पहुंचा। वहीं कल रात सेलाकुई की तिमली रेंज के जंगल एकाएक धधक उठे। आग की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दी। सूचना पाकर कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर देर रात में काबू पाया गया। वहीं उत्तरकाशी जिले में भी जंगल धधक रहे हैं। वन विभाग और एसडीआरएफ के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हैं लेकिन तेज हवाओं के कारण आग को काबू पाने में बहुत मुश्किल हो रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में अभी तक आग लगने की 116 घटनाओं में लगभग 82 हेक्टेयर जंगल जले हैं।



