देहरादून- क्रिसमस खत्म होते ही अब शहर में नए साल के जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दून के होटलों, रेस्टोरेंटों और क्लबों में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। बाजार भी नए साल से संबंधित कई तरह उपहारों से सजा गया है। दूनवासी 31 दिसंबर की नाइट और एक जनवरी को खास बनाने के लिए उत्सुक है और उनकी तैयारी जारी है। कई होटलो मे नए साल के जश्न के लिए लाइव डीजे, लाइव बैंड, लाइव सिंगिंग, वूमनिया बैंड का प्रोग्राम होगा। रात भर न्यू ईयर सेलिब्रेशन जारी रहेगा। लड़कियों के लिए एंट्री फ्री होगी। जिसके लिए अभी से सभी तैयारियां हो गई है। हर बार की तरह इस बार भी होटल में सेलिब्रेशन की धूम रहेगी। होटल सैफ्रोन लीफ के मैनेजर ने बताया कि नए साल के लिए होटल में करीब 150 व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा बेकरी की दुकानों में भी केक और पेस्ट्रीज के एडवांस ऑर्डर बुक किए जा रहे हैं। बिंदाल पुल स्थित स्टैंडर्ड बेकरी के संचालक ने बताया कि नए साल पर केक, पेस्ट्रीज और स्नैक्स का ज्यादा स्टॉक तैयार करना पड़ता है। ड्राई केक और चॉकलेट केक की ज्यादा डिमांड रहती है। इसके लिए उन्होंने अभी से तैयारियां कर ली है।
बाजारों में भी नए साल के उपहार और ग्रीटिंग कार्ड्स आने शुरू हो गए हैं। आप भी पहाड़ों की रानी मसूरी में नए साल का जश्न मनाने की प्लानिंग अभी से कर लीजिए। वजह ये कि मसूरी में होटल, रेस्टोरेंट से लेकर पार्किंग तक के फुल होने की स्थिति में पर्यटकों के आने पर कभी भी रोक लग सकती है। ऐसी स्थिति में सिर्फ उन्हीं पर्यटकों को मसूरी जाने की अनुमति मिलेगी, जिन्होंने होटल, रेस्टोरेंट में पहले से बुकिंग करा रखी है। दरअसल, हर साल बड़ी संख्या में लोग नए साल के जश्न को यादगार बनाने के लिए मसूरी का रुख करते हैं। मगर मसूरी में ठहरने के स्थान से लेकर पार्किंग तक के सीमित स्थान होने की वजह से आपाधापी की स्थिति पैदा हो जाती है। नतीजतन, मसूरी की सड़कों पर जाम लग जाता है। 31 दिसंबर की रात मसूरी में ठहरने का ठिकाना खोजने में ही उनकी रात गुजर जाती है। ऐसी स्थिति में वह पर्यटक भी अपने निर्धारित स्थानों पर नहीं पहुंच पाते हैं, जिन्होंने मसूरी में पहले से बुकिंग करा रखी है। एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह का कहना है कि मसूरी में आने वाले पर्यटकों की संख्या और यातायात की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। होटल एसोसिएशन से 31 दिसंबर और एक जनवरी की बुकिंग का रोजाना अपडेट लिया जा रहा है। जैसे ही मसूरी पैक होने की स्थिति उत्पन्न होगी, पर्यटकों के वाहनों को देहरादून में रोकना शुरू कर दिया जाएगा।



